


___________________________________________
निवाड़ी। स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने सोमवार को शहर स्थित छोटा तालाब का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब में बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैली होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तत्काल जलकुंभी हटाने तथा तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। स्थानीय लोगों ने तालाब में गंदगी तथा कचरा गाड़ी के समय पर नहीं पहुंचने की समस्या से अवगत कराया।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि घर का गीला एवं सूखा कचरा केवल कचरा वाहन में ही डालें। सड़क, नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि कचरा वाहन प्रतिदिन निर्धारित समय पर प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचे, इसकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि तालाबों का संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ एवं सुंदर शहर का निर्माण संभव है।

