
5 जून से 21 जून तक चलेंगे पौधरोपण, स्वच्छता, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और योग दिवस के विशेष कार्यक्रम
निवाड़ी। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार 5 जून से प्रारंभ होने वाले राज्य स्तरीय जनकल्याण अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम”, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि मध्यप्रदेश देश में अग्रणी स्थान बनाए रख सके।
मुख्य सचिव श्री जैन मंत्रालय से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागीय आयुक्तों, कलेक्टरों एवं जिला पंचायत सीईओ की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 25 दिन पूर्व खजुराहो से काउंटडाउन शुरू होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सभी जिलों में अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के प्रयास किए जाएं तथा ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए 14 जून को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में भी व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 जून को भोपाल से अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के दौरान प्रदेशभर में जल चेतना एवं पर्यावरण सम्मेलन आयोजित होंगे। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण जियो टैगिंग एवं क्यूआर कोड के साथ किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक एवं ठोस अपशिष्ट की सफाई, जल स्रोतों की सफाई तथा गहरीकरण कार्य भी किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने 12 से 18 जून के बीच प्रत्येक विकासखंड में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें लाभान्वित किया जाए तथा लोक सेवा गारंटी एवं समाधान एक दिन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने 19 एवं 20 जून को प्रत्येक जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए दो-दो स्थानों पर प्रदर्शनी और कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे, श्री संजय शुक्ला, श्रीमती दीपाली रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन एवं संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सहभागिता की।

