

निवाड़ी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के नेतृत्व में ग्राम पंचायत शक्तिभैरव में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर में कुल 129 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 63 आवेदनों का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपकर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को जनकल्याण के पर्व के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का आकलन करना है।
शिविर में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने शेष प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। गांव-गांव आयोजित हो रहे जनविश्वास शिविरों से आमजन की समस्याओं का समाधान उनके बीच पहुंचकर किया जा रहा है।
सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया ने जिले में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं, पीएमश्री एवं सीएम राइज स्कूल, खेल सुविधाओं, स्टेडियम, छात्रावास तथा जलापूर्ति को मजबूत करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना को भी जिले के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। रमेश गुप्ता एवं गायत्री गुप्ता को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया गया। शिखिका कुम्हार एवं बबीता केवट को मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ प्रदान किया गया। वहीं कमला झां, रुबी कुशवाहा, अनिता कुशवाहा एवं अनिता केवट को लखपति दीदी सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, डीएफओ मनोज कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह, जनपद पंचायत निवाड़ी सीईओ वंदना कैथल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। प्रशासन ने प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

