
आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े : कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े
__________________________________________
निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता एवं समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पृथ्वीपुर तहसील के आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं। पृथ्वीपुर तहसील परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना है।
तहसील स्तर पर ही मिलेगा समाधान : एसडीएम मनीषा जैन
एसडीएम सुश्री मनीषा जैन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक अनावश्यक भागदौड़ न करें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को तहसील कार्यालय के निर्वाचन कक्ष में जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जिसमें कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे आवेदकों से जुड़कर समस्याएं सुनती हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को तहसील स्तर पर ही त्वरित न्याय एवं समाधान मिले।
नामांतरण प्रकरण का त्वरित निराकरण
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश पर तहसीलदार ओरछा श्री सुनील वाल्मीकि ने ग्राम पंचायत मजरा बनगांय निवासी श्रीमती आशा देवी के लंबित नामांतरण प्रकरण का त्वरित निराकरण किया। जनसुनवाई में आवेदन मिलने के बाद प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई और आवेदिका को मौके पर ही नामांतरण पत्र प्रदान किया गया। नामांतरण पत्र मिलने पर श्रीमती आशा देवी ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
राजस्व, पेंशन और आवास से जुड़े आवेदन पहुंचे
जनसुनवाई में कुल 87 आवेदनों पर सुनवाई हुई। इनमें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, अतिक्रमण हटाने, राशन, पेयजल एवं अन्य विभागों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी साप्ताहिक जनसुनवाई से पहले लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

