जिला न्यायालय में गूंजा बच्चों का उल्लास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा कार्यक्रम
‘उल्लास—एक अभिनव प्रयोग’ में चित्रकला, रंगोली और खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया पुरस्कृत

निवाड़ी। जिला एवं अपर सत्र न्यायालय परिसर निवाड़ी में माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार ‘उल्लास—एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया और पूरे परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार गुप्ता, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविप्रकाश जैन, न्यायाधीश श्रीमती सोनम गुप्ता, ज्ञानेंद्र शुक्ला एवं कशिश माटा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विवेक भास्कर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर चित्रकला, रंगोली, कविता पाठ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। न्यायालय परिवार के बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में पारिवारिक आत्मीयता, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
न्यायिक कार्यों की व्यस्तता के बीच ऐसे आयोजन जरूरी
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि न्यायालयीन कार्यों की व्यस्तता के बीच इस तरह के आयोजन न्यायालय परिवार के सदस्यों को एक साथ आने और आपसी आत्मीयता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और सभी प्रतिभागियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना को बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष शीलप्रकाश रावत, सचिव अनुराग नायक, राजुल शेखर,धर्मेन्द्र निर्मल,राजेन्द्र खरे, ओमप्रकाश खरे,आशीष यादव,नंदकिशोर रजक,सतेन्द्र शर्मा,सुजीत दुबे, भूपेन्द्र भास्कर, गौरव निर्मल,पुष्पेन्द्र कुशवाहा, प्रियंक,ओपी खरे,मोहक नायक, ऋषि पुरोहित सहित सहायक लोक अभियोजन अधिकारी चौहान सिंह यादव, न्यायालयीन कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।