ढिमरपुरा जलभराव से लेकर अवैध शराब तक, सपा ने उठाईं जिले की जनसमस्याएंकलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, क्षतिग्रस्त मकानों और फसल के मुआवजे की मांग

निवाड़ी। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम ढिमरपुरा में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने और सिंदूर सागर तालाब के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई।
सपा के जिला अध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सिंदूर सागर तालाब के बांध से पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण तालाब के तट पर स्थित ग्राम ढिमरपुरा में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इससे कई ग्रामीणों के आवास क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई परिवार आवासहीन होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। ज्ञापन में अति वर्षा के कारण गांव में हुई जनहानि का भी उल्लेख करते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।
पार्टी ने मांग की कि तालाब के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, वहीं अति वर्षा से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार, जिले में अवैध शराब के विक्रय पर रोक लगाने तथा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राजीव यादव, सुशील रावत, ओम प्रकाश यादव, युसूफ खान, देवेंद्र कुशवाहा, मोहन अहिरवार, पवन रैकवार, विनोद दुबे, हरचरण कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।