

___________________________________________
निवाड़ी। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय निवाड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तंबाकू कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अनेक गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में तंबाकू के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एन. खान, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जितेन्द्र आरोलिया, श्री संतोष रजक, श्री अशोक अहिरवार सहित अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

