


निवाड़ी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय शाखा निवाड़ी द्वारा संचालित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं सब जेल निवाड़ी में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, बंदियों एवं पुलिस स्टाफ को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरुआसागर केंद्र प्रभारी बीके उमा दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और राजयोग के माध्यम से तनावमुक्त एवं श्रेष्ठ जीवन अपनाया जा सकता है।
टहरौली केंद्र प्रभारी बीके पूजा दीदी ने ब्रह्माकुमारी संस्था का परिचय देते हुए बताया कि संस्था विश्वभर में आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
निवाड़ी केंद्र प्रभारी बीके रचना दीदी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, उपस्थित जनसमूह, सब जेल के बंदियों एवं पुलिस स्टाफ को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं सब जेल निवाड़ी के बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सहायक सब जेल अधीक्षक शैलेन्द्र कुशवाहा, क्राइस्ट ज्योति स्कूल के फादर एंथोनी, प्रधानाचार्या ग्रेओ तथा दिव्य संस्कार शिक्षण संस्थान हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या आभा चतुर्वेदी ने अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आवश्यक हैं। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे जनहितकारी अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बीके वरदानी दीदी, बीके प्रिंसी दीदी, बीके मोहिनी दीदी सहित विद्यालयों एवं संस्था का शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा।

