
निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय निवाड़ी में शासकीय योजनाओं एवं सामाजिक सरोकारों पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक किया।
नाटक के दौरान निशुल्क स्टेशनरी एवं पाठ्यपुस्तक वितरण योजना, मेधावी विद्यार्थी योजना, संबल योजना, आवास सहायता योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, प्रतिभा किरण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं पर आधारित कथाओं का मंचन किया गया। इसके साथ ही स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े विषयों को भी नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के साथ शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूत करना है। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद नसीम खान, डॉ. उषा त्रिपाठी, डॉ. बीना गुप्ता, डॉ. रंजना पटेरिया, डॉ. अमित कुमार पांडे, महेश कुमार अहिरवार सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

