निरीक्षण में चार शिक्षक मिले नदारद, उपस्थिति पंजी में दर्ज थे हस्ताक्षर
जेरोन-सिमरा के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक रोहित शुक्ला ने बुधवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं के संचालन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर 12 बजे पीएम श्री शासकीय कन्या हाई स्कूल जेरोन का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले। श्री शुक्ला ने प्राचार्य एवं स्टाफ से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों के हॉलिस्टिक कार्ड तैयार कराने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष परीक्षा परिणाम में सुधार करते हुए 90 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इसके बाद दोपहर 2:30 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जेरोन का निरीक्षण किया गया। यहां भी सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य द्वारा संकुल अंतर्गत आने वाले विद्यालयों की बैठक ली जा रही थी। श्री शुक्ला ने विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस वर्ष परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
दोपहर 3:30 बजे शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमरा के निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक अनुपस्थित मिले। खास बात यह रही कि उपस्थिति पंजी में इन शिक्षकों के हस्ताक्षर दर्ज थे। इस स्थिति पर श्री शुक्ला ने नाराजगी जताई और संबंधित अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बारिश को देखते हुए विद्यालयों में कक्षाओं के संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। श्री शुक्ला ने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं पठन-पाठन व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना समन्वयक भगवत सिंह खंगार भी उपस्थित रहे।