
निवाड़ी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े से मुलाकात कर ग्राम नैगुवा में नायब तहसीलदार न्यायालय का संचालन शुरू कराने सहित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि ग्राम नैगुवा में नायब तहसीलदार न्यायालय स्वीकृत है और न्यायालय के संचालन के लिए भवन का निर्माण भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक न्यायालय का संचालन शुरू नहीं हुआ है। वर्तमान में नायब तहसीलदार न्यायालय का संचालन पृथ्वीपुर में हो रहा है, जिसके कारण नैगुवा सहित आसपास के क्षेत्र के किसानों और आमजन को अपने कार्यों के लिए पृथ्वीपुर आना-जाना पड़ता है। इससे लोगों का समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं।
यादव ने ग्राम नैगुवा की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा भी कलेक्टर के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम में उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किया गया है, लेकिन यह केंद्र अधिकांश समय बंद रहता है। वहीं, ग्राम में सीएचओ का पद भी स्वीकृत है, लेकिन संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को उपचार के लिए पृथ्वीपुर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी के साथ समय और धन की हानि उठानी पड़ती है। कांग्रेसियों ने कलेक्टर से नैगुवा में नायब तहसीलदार न्यायालय का तत्काल संचालन शुरू कराने तथा उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुचारु कर ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस संगठन के जिला महासचिव संतोष शर्मा, नरेंद्र खरे, रमेश निराला सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

