पत्नी की हत्या कर शव नदी में फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ओरछा पुलिस ने सुलझाया अंधे कत्ल का मामला
दोस्त के साथ पति ने मिलकर कर दी पत्नी की हत्या

ओरछा/निवाड़ी। थाना ओरछा पुलिस ने जामुनी नदी में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मुस्कान गुप्ता पत्नी जितेंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके पति और उसके साथियों ने मिलकर की थी।
जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को जामुनी नदी में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। इस संबंध में थाना ओरछा में मर्ग क्रमांक 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मृतका की पहचान मुस्कान गुप्ता के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्कान ने करीब दो वर्ष पूर्व जितेंद्र कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस के मुताबिक जितेंद्र को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी संदेह के चलते उसने अपने मित्र रूपेश कुशवाहा एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर 17 अप्रैल 2026 को झांसी स्थित किराये के मकान में मुस्कान की धारदार चाकू से हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को ओरछा स्थित जामुनी नदी के पुल से नीचे फेंक दिया।
मामले में थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत धारा 103(1), 238(ए) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर छतरपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र कुशवाहा और उसके साथी रूपेश कुशवाहा, निवासी झांसी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय ओरछा में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी निवाड़ी के मार्गदर्शन में थाना ओरछा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अज्ञात शव की पहचान से लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी तक की पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर, उपनिरीक्षक अर्पित पाराशर, साइबर सेल प्रभारी कुलदीप यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।