पॉलीटेक्निक में प्रवेश का अंतिम मौका, 14 सितंबर तक होगी सीएलसी काउंसलिंग
इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेकैनिकल और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश

टीकमगढ़। तकनीकी शिक्षा की ओर कदम बढ़ाने वाले विद्यार्थियों के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय टीकमगढ़ में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश का अंतिम अवसर उपलब्ध है। महाविद्यालय में रिक्त सीटों पर सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इच्छुक विद्यार्थी 14 सितंबर तक पंजीयन कराकर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
महाविद्यालय में कक्षा 10वीं के आधार पर तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष तथा कक्षा 12वीं के आधार पर विषयानुसार डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मेकैनिकल इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की रिक्त सीटें उपलब्ध हैं।
प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू होकर 14 सितंबर तक चलेगी। महाविद्यालय द्वारा निर्धारित तिथियों में 12 एवं 14 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि शेष रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 14 सितंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 12:30 बजे तक पंजीयन कराया जा सकेगा तथा शाम 6:30 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कराकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। प्रवेश एवं पाठ्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय टीकमगढ़ में संपर्क किया जा सकता है।