
निवाड़ी। पर्यावरण संरक्षण और महाविद्यालय परिसर को हरित बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय निवाड़ी में शुक्रवार को इको क्लब के तत्वावधान में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. खान के मार्गदर्शन एवं इको क्लब प्रभारी डॉ. ए. के. वर्मा के नेतृत्व में आयोजित अभियान में प्राध्यापकों के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक एवं पारिस्थितिक महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने के साथ जल एवं मृदा संरक्षण तथा जैव विविधता के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को केवल पौधारोपण तक सीमित न रहते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव बन सकता है। पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
इको क्लब प्रभारी डॉ. ए. के. वर्मा ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वृक्षारोपण अभियान में डॉ. जे. आर. अहिरवार, डॉ. आर. के. अहिरवार, डॉ. पुष्पेंद्र कटियार, डॉ. एस. के. धुसिया, डॉ. जितेन्द्र आरोलिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा महाविद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।
इको क्लब का यह अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ‘हरित परिसर-स्वच्छ परिसर’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल साबित हुआ।

