
निवाड़ी। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अशोक कुमार सेन द्वारा एसडीएम कार्यालय परिसर में पक्षियों के लिए पीने के पानी की विशेष व्यवस्था कराई गई। कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के बर्तन बांधकर उनमें स्वयं पानी भरते हुए उन्होंने लोगों को भी पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार सेन ने कहा कि इंसान तो अपनी प्यास बुझाने के साधन जुटा लेता है, लेकिन तेज गर्मी में आसमान में उड़ने वाले पक्षियों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि अपने घर, कार्यालय और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें।
एसडीएम द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की राजस्व न्यायालय में उपस्थित पक्षकारों एवं आम लोगों ने प्रशंसा की तथा इसे सामाजिक संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

