

निवाड़ी। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में नवगठित जिला कार्यसमिति की पहली विस्तृत बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद महेश केवट, जिला प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, प्रेमचंद्र जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में मिशन-2047 के साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया ने जिला कार्यसमिति की प्रस्तावना रखते हुए बैठक के महत्व एवं आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद राजेश साहू ने भाजपा परिवार के दिवंगत सदस्यों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित कराई।
भाजपा महामंत्री कमलेश जैन ने प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन किया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला गया। आयुष्मान योजना, किसान सम्मान निधि, मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि, उद्योगों को बढ़ावा देने तथा लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई।
आत्मनिर्भर भारत से ही विकसित राष्ट्र का निर्माण
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद महेश केवट ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारों का आंदोलन है। विकसित भारत के निर्माण के लिए देश का आत्मनिर्भर बनना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास देश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने मिशन-2047 को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा में जुटने का आह्वान किया।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
जिला प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया ने कहा कि दो वर्ष बाद जिला कार्यसमिति का गठन हुआ है और पहली बैठक में कार्यसमिति के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता संगठन की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहली प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक श्रीरामराजा सरकार की नगरी में आयोजित होना निवाड़ी जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंडल अध्यक्षों से मंडल कार्यसमिति के गठन की जानकारी लेने के साथ ही 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।
88 सदस्यीय जिला कार्यसमिति का गठन
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया के निर्देशन में बैठक से एक दिन पूर्व 88 सदस्यों वाली जिला कार्यसमिति का गठन किया गया था। नवगठित कार्यसमिति की यह पहली वृहद बैठक रही।
बैठक में सुरेश तिवारी, अनिल पांडेय, आनंद मिश्रा, गुलाब अहिरवार, आकाश अग्रवाल, प्रमोद तिवारी, अनुराग शर्मा, संदेश नायक, पवन चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मातृशक्ति की ओर से हेमा बुखारिया, सुमन यादव, आभा चतुर्वेदी, अर्चना दीक्षित, रजनी राय सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

