मुक्तिधाम से अतिक्रमण हटाने ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन, सप्ताहभर में कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी

तरीचरकलां। ग्राम उबौरा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम से अतिक्रमण हटाने, मुख्य सड़क पर लगने वाले हाट बाजार को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने तथा मुक्तिधाम में पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करेंगे।
शिविर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम का मुक्तिधाम लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में है। स्थिति यह है कि कुछ समय पूर्व गांव में एक वृद्ध की मृत्यु होने पर मुक्तिधाम में पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को सड़क किनारे अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर ही हाट बाजार लगाया जाता है। बाजार के दौरान सड़क पर भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे राहगीरों को परेशानी होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने हाट बाजार के लिए किसी अन्य स्थान पर व्यवस्था किए जाने की मांग की।
आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मुक्तिधाम को अतिक्रमण मुक्त कराने, वहां पेयजल की व्यवस्था करने और सड़क पर लगने वाले हाट बाजार को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो सभी ग्रामवासी एकजुट होकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करेंगे।