

ओरछा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी ओरछा से 12 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। नगर परिषद परिसर में आयोजित विदाई समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विदाई कार्यक्रम में नगर परिषद ओरछा के अध्यक्ष श्री शिशुपाल सिंह राजपूत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री रामस्वरूप पटेरिया, उपाध्यक्ष श्री अनिल यादव, पार्षद प्रतिनिधि एवं मंडल अध्यक्ष श्री सोनू कड़ा, पार्षद श्रीमती मीरा केवट, पार्षद प्रतिनिधि श्री राकेश कुशवाहा तथा श्री नरेंद्र केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने तीर्थयात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत चयनित श्रद्धालु भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या धाम तथा बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के दर्शन करेंगे। यात्रा को लेकर हितग्राहियों में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर उपयंत्री श्री सूरज गर्ग, श्री आनंद कुमार जैन, श्री राहुल प्रजापति सहित नगर परिषद ओरछा के अधिकारी, कर्मचारी एवं महिला कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को ससम्मान विदा करते हुए यात्रा के सफल एवं सुखद होने की शुभकामनाएं दीं।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

