मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार
36 मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी सहित 10.09 लाख रुपए का मशरूका बरामद

निवाड़ी। थाना कोतवाली पुलिस ने मोबाइल दुकान में दीवार तोड़कर की गई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 36 मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 10 लाख 9 हजार 471 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम स्यावनी बाना चंदेरा निवासी धर्मेन्द्र कुशवाहा ने 7 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने उसकी मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर मोबाइल चोरी कर लिए। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 200/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन तथा अनु. अधि. (पुलिस) के.के. पांडे के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। अज्ञात आरोपियों की सूचना देने पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। वहीं साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर पुलिस ने करीब 10 दिनों तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान चोरी में उनकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर 23 सितंबर को देवदास कुशवाहा पिता हरचरण कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी बंगरा, थाना बंगरा, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। उसके मेमोरेंडम के आधार पर दूसरे आरोपी पुष्पेन्द्र कुशवाहा पिता लालाराम कुशवाहा, निवासी टीला को भी अभिरक्षा में लिया गया।
33 नए और तीन पुराने मोबाइल बरामद
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुकान से चोरी किए गए 33 नए मोबाइल फोन, कीमत करीब 9 लाख 29 हजार 471 रुपए, तथा तीन पुराने मोबाइल, कीमत करीब 30 हजार रुपए, बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे स्कूटी, कीमत करीब 50 हजार रुपए, भी जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 लाख 9 हजार 471 रुपए का मशरूका बरामद किया है। घटना में दीवार तोड़ने के लिए प्रयुक्त सब्बल के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुराने विवाद के चलते बनाई चोरी की योजना
पुलिस के अनुसार आरोपी और फरियादी आपस में रिश्तेदार हैं तथा उनके बीच पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने फरियादी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से वारदात की योजना बनाई। घटना से एक दिन पहले दुकान की रैकी की गई। वारदात की रात एक आरोपी बाहर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहा था, जबकि दूसरे आरोपी ने सब्बल की मदद से दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर मोबाइल चोरी किए।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना के संबंध में सघन पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में अनु. अधि. (पुलिस) के.के. पांडे, निरीक्षक बलजीत सिंह, उपनिरीक्षक श्रीकृष्णा मावई, उपनिरीक्षक कुलदीप यादव (प्रभारी साइबर सेल), प्रधान आरक्षक अब्दुल, आरक्षक हर्ष, अनूप, सजेश, अनिल, राहुल, जितेन्द्र निरंजन, जितेन्द्र पाल, मनोज, रविन्द्र (साइबर) एवं विशाल (साइबर) की सराहनीय भूमिका रही।