विश्व धरोहर खजुराहो में आयोजित हुआ “योग महोत्सव-2026”, वीडियो संदेश के जरिए मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
___________________________________________
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि योग और खजुराहो दोनों ही भारतीय संस्कृति के अभिन्न स्तंभ हैं। भारतीय योग परंपरा को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर स्वस्थ, जागरूक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के 25 दिवसीय काउंटडाउन के अवसर पर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो ग्रुप ऑफ मूमेंट में आयोजित “योग महोत्सव-2026” कार्यक्रम को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग आज केवल व्यायाम नहीं, बल्कि ‘वन अर्थ-वन हेल्थ’ की भावना को साकार करने वाला जीवन दर्शन बन चुका है। प्रदेश सरकार “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” अभियान के माध्यम से योग और आयुष चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। आयुष विभाग द्वारा आरोग्य मंदिरों, योग वेलनेस सेंटरों और विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के जरिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित काउंटडाउन कार्यक्रमों से देशभर में लाखों लोग जुड़ रहे हैं और युवा पीढ़ी भी योग को उत्साहपूर्वक अपना रही है। सरकार योग को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर समाज को स्वस्थ और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी के सहयोग से योग को प्रत्येक नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय का यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र एवं राज्य के आयुष मंत्रालय के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन छतरपुर को इस आयोजन की सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

