
कलेक्टर ने जल संरक्षण, स्वच्छता और पौधरोपण में जनभागीदारी का किया आह्वान
___________________________________________
निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत वनगांव में बुधवार रात रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनकर उनके निराकरण के प्रयास किए गए, साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी प्राप्त किए।
चौपाल में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छता अभियान तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सक्रिय जनभागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। तालाबों, बावड़ियों, कुओं और नदी-नालों की सफाई एवं गहरीकरण कार्यों में नागरिक स्वेच्छा से श्रमदान कर अभियान को सफल बनाएं।
कलेक्टर ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी लोग अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और जनभागीदारी से जिले को जल समृद्ध, स्वच्छ और हरित बनाया जा सकता है। चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

