


ओरछा/निवाड़ी, 04 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ (सेवा संकल्प अभियान-2026) के तहत रविवार को श्रीरामराजा वृद्धाश्रम, ओरछा में वृद्धजनों के सम्मान एवं निराश्रित बच्चों की सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद के साथ उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित की गई, वहीं निराश्रित बच्चों के लिए भ्रमण, उपहार एवं रुचि भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट उपस्थित रहे। इस दौरान सुश्री स्वाती सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन आर.एस. शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति, ओरछा के सौजन्य एवं सहयोग से किया गया। समिति के सचिव श्री राकेश पचौरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वृद्धजनों एवं बच्चों की सेवा में सहयोग प्रदान किया।
वृद्धजनों से किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके जीवन के अनुभव सुने तथा उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर तथा पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही वस्त्र, दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री एवं फल वितरित किए गए। सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
निराश्रित बच्चों के लिए आयोजित किया भ्रमण कार्यक्रम
मध्यप्रदेश दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला निवाड़ी के सहयोग से आर.एस. शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति द्वारा बाहर से आए निराश्रित बच्चों के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने भ्रमण के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बच्चों को विशेष उपहार भी भेंट किए गए। उपहार मिलने पर बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल दिखाई दिया। इसके साथ ही वृद्धजनों एवं बच्चों के लिए रुचि भोज का आयोजन भी किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों एवं बच्चों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और वृद्धाश्रम परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
इस दौरान वृद्धाश्रम की सेवा एवं सहयोग में निरंतर योगदान देने वाले समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया। अतिथियों ने समाजसेवियों के सेवा कार्यों की सराहना की।
योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे अभियान समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

