श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताकलेक्टर जमुना भिड़े की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, कई महत्वपूर्ण निर्णय
रामराजा सरकार मंदिर में सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार की तैयारी मंदिर परिसर में लगेगा फायर फाइटिंग सिस्टम

ओरछा। श्री रामराजा सरकार मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से बुधवार को ओरछा स्थित होटल बेतवा रिट्रीट में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में मंदिर के बेहतर संचालन के लिए एक विशेष प्रबंधन समिति गठित करने पर विचार किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर परिसर में पीए सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, आरओ पेयजल पॉइंट, जूता स्टैंड, स्थायी प्रवेश द्वार और प्रत्येक गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही नवीन मंदिर कार्यालय, मीटिंग रूम, वेटिंग एरिया एवं हरित सौंदर्यीकरण के लिए पौधारोपण की योजना पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन ने मंदिर परिसर में लंबे समय से बैठे वृद्ध एवं बीमार भिक्षुकों के व्यवस्थापन, जबरन टीका लगाने की गतिविधियों पर रोक तथा आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया। अस्थायी अतिक्रमण हटाने पर भी सहमति बनी।
अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्भगृह के समीप स्थित वर्तमान रसोई को श्री रामराजा धर्मशाला में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर में आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ब्यारी प्रसाद की दानराशि में विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराने तथा बड़े मंदिरों की तर्ज पर ओरछा में अन्नक्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बारकोड आधारित भुगतान और आय-व्यय प्रबंधन मॉड्यूल विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर से फूल-माला एवं प्रसाद की दुकानों को बाहर स्थानांतरित करने, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर बैगेज स्कैनर, डीएफएमडी और एचएचएमडी लगाने तथा महिला कर्मचारियों की तैनाती का निर्णय लिया गया। वाहनों की पार्किंग गर्भगृह से कम से कम 100 मीटर दूर सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि ओरछा में स्थायी बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) गठित करने की आवश्यकता है। तब तक छतरपुर की टीम द्वारा नियमित अंतराल पर स्निफर डॉग और आधुनिक उपकरणों से मंदिर परिसर की जांच कर सुरक्षा प्रमाणन प्राप्त किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि श्री रामराजा सरकार के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं तथा सभी निर्णयों को चरणबद्ध तरीके से शीघ्र अमल में लाया जाएगा।