श्रमदान से संवारा विद्यालय परिसर, छात्राओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

जेरोन खालसा। सेवा संकल्प अभियान एवं गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पीएमश्री शासकीय कन्या हाई स्कूल जेरोन खालसा में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी स्वच्छता श्रमदान, कचरा प्रबंधन एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के निर्देश तथा मेरा युवा भारत निवाड़ी के जिला युवा अधिकारी अनुराग शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की परिकल्पना के तहत विद्यालय परिसर में स्वैच्छिक श्रमदान किया गया। शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने छात्राओं के साथ मिलकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके साथ ही छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए क्रमबद्ध तरीके से साबुन से हाथ धुलवाए गए।
स्वच्छता अभियान के बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ विद्यालय परिसर के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्राचार्य कृष्ण कुमार बिदुआ ने कहा कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसे कार्य समाज एवं पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं। पौधारोपण से शुद्ध ऑक्सीजन, प्रदूषण नियंत्रण, वर्षा एवं जल संरक्षण तथा मिट्टी के संरक्षण में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत निवाड़ी के स्वयंसेवक शशांक रावत, संस्था के शिक्षक सतीश प्रसाद मिश्रा, धर्मेश बिदुआ, अभिलाष पांडेय, दीपक बिदुआ, आलोक गंगेले, हर्षा रावत, पीयूष रावत, अनुराग मिश्रा, चंचल खरया, लक्ष्मी नामदेव, राखी सूत्रकार, रश्मि चौधरी, नीलम तिवारी एवं किशोरी लाल अहिरवार सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।