सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए अतिक्रमण हटाने और हाईवे पर संकेतक लगाने के निर्देश
ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर रिफ्लेक्टर लगाने के साथ जर्जर सड़कों की समयसीमा में कराएं मरम्मत : कलेक्टर जमुना भिड़े

निवाड़ी। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहन सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। ऐसे में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने राजमार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से चेतावनी संकेतक और मार्ग संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को आगे आने वाले मोड़, संवेदनशील स्थान और अन्य संभावित खतरों की जानकारी समय रहते मिल सके।
ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं आवश्यक स्थानों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क और संभावित खतरों की स्पष्ट दृश्यता मिल सके।
एसपी ने जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत के कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
एजेंडावार बिंदुओं पर हुई चर्चा
बैठक में प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) श्री नीरज शर्मा ने एजेंडावार बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित विभिन्न विषयों से समिति को अवगत कराया। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), जल निगम, पीआईयू (PIU), अग्निशमन अधिकारी (SFO) सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।