सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी निवाड़ी पुलिस, अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण शुरू

निवाड़ी। सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर निवाड़ी पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम, निवाड़ी में किया गया।
प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। प्रथम प्रशिक्षण सत्र में जिले के 45 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने सिंहस्थ महापर्व के इतिहास, पूर्व में किए गए पुलिस प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं त्वरित कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने सिंहस्थ के दौरान पुलिस की भूमिका और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों के दिन की शुरुआत सुबह 7 बजे मेडिटेशन, योग एवं शारीरिक अभ्यास से कराई गई। इसके बाद विषय विशेषज्ञों द्वारा भीड़ नियंत्रण, मंदिर एवं घाट व्यवस्थापन, यातायात संचालन, असूचना संकलन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण आगामी तीन से चार माह तक चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में महाकाल मंदिर, अन्य प्रमुख मंदिरों, रामघाट सहित विभिन्न घाटों तथा मार्ग व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर (नोडल अधिकारी) के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, रक्षित निरीक्षक दीपक साहू एवं थाना प्रभारियों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।