सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों के निराकरण में लाएं तेजी : कलेक्टर
टीएल बैठक में विभागवार समीक्षा, मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर और सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को लेकर दिए निर्देश

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने बुधवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शिकायतों और आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने और प्रकरणों के निराकरण में आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रतिवेदनों एवं आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव मॉनिटरिंग, मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों और आवेदनों के प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन एवं CPGRAMS की शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण की निरंतर समीक्षा के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। लंबित शिकायतों की संख्या और निराकरण की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के आवेदनों का करें त्वरित निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
25 सितंबर को गणेश विसर्जन के कारण प्रस्तावित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर अब 26 सितंबर 2026, शनिवार को तरीचर कलां में आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित कर आमजन को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने तथा यथासंभव मौके पर ही आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का हो व्यापक कवरेज
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता हो तथा आयोजन, प्रगति और जनभागीदारी की व्यवस्थित मॉनिटरिंग की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का व्यापक कवरेज सुनिश्चित करें और अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाएं।
न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने उच्च न्यायालय में लंबित एवं विचाराधीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में जवाब-दावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों को नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर विभागीय योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
लम्पी रोग की रोकथाम के लिए गांवों में लगेंगे पशु चिकित्सा शिविर
कलेक्टर ने लम्पी रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पशुओं की जांच और आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्राम पंचायत चंदावनी में आयोजित शिविर में आमजन से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य प्रतिष्ठानों एवं संबंधित कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, डीएफओ मनोज कुमार सिंह, एसडीएम अशोक सेन, प्रभारी एसडीएम पृथ्वीपुर श्रीमती लीना जैन, डिप्टी कलेक्टर अनिल कुमार तलैया, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मनीषा जैन, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, समस्त सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।