
निवाड़ी। विधानसभा क्षेत्र निवाड़ी के ग्राम सुनोनिया पश्चिम में शुक्रवार को विधायक अनिल जैन ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। ग्राम पंचायत सुनोनिया पश्चिम पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत सुनोनियां खास एवं सुनोनिया पश्चिम में सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। साथ ही नव निर्मित आंगनबाड़ी भवन एवं अटल ग्राम सुशासन भवन पंचायत भवन का लोकार्पण कर उसे ग्रामवासियों को समर्पित किया।
बताया गया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से अटल ग्राम सुशासन भवन का भूमिपूजन किया गया था। करीब 37 लाख 49 हजार रुपये की लागत से निर्मित भवन का निर्माण पूर्ण होने के बाद विधायक अनिल जैन ने इसका लोकार्पण किया।
विधायक अनिल जैन ने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आमजन को मिलेगा।
इस अवसर पर सरपंच हरीश कुशवाहा, सचिव राजकुमार कुशवाहा, भाजपा जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

