सेवा दिवस पर टीबी मरीजों को मिला पोषण और उपचार सहयोग

___________________________________________


पृथ्वीपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के निर्देशानुसार रविवार को “सेवा दिवस” के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में क्षय (टीबी) रोगियों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झामनानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद टीबी रोगियों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट तथा उपचार के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र निरंजन ने कहा कि टीबी रोगियों को समय पर दवा और पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना उनके उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें।
उन्होंने मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा उपचार को बीच में नहीं छोड़ने की अपील की। डॉ. निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है और रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित सेवा दिवस इसी मानवीय सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में जिला क्षय कार्यक्रम के डीपीसी बसंत सनेले, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित श्रीवास्तव, एसटीएस अनादि पाण्डेय एवं वीर प्रसाद वंशकार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने रोगियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।
सेवा दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जरूरतमंद और कमजोर वर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया।