सेवा संकल्प अभियान: उबौरा में लगा विकासखंड स्तरीय शिविर, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
पात्र हितग्राहियों को बांटे हितलाभ स्वीकृति पत्र, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद शिविर में हुआ ग्रामीणों का परीक्षण

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के तहत विकासखंड निवाड़ी की ग्राम पंचायत उबौरा में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक ग्रामीणों से मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए गए।
पात्र हितग्राहियों को प्रदान किए हितलाभ स्वीकृति पत्र
शिविर के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया ने ग्रामीणों से किया संवाद
शिविर में सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने और पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं के लिए आवेदन करने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने किया शिविर का निरीक्षण, आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा की भी मिली सुविधा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं।
इसी क्रम में आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। आयुष चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, स्वास्थ्य संरक्षण एवं विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। आवश्यकता के अनुसार नागरिकों को आयुर्वेदिक औषधियां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त हुई। ग्रामीणों ने अपनी आवश्यकताओं के अनुसार आवेदन प्रस्तुत किए तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम में डॉ नंदकिशोर नापित, मंगेश रमपुरया, प्रमोद केवट, पुष्पेंद्र प्रजापति सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम अशोक कुमार सेन, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती वंदना कैथल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।