
निवाड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया पर नाथूराम गोडसे के समर्थन में कथित तौर पर पोस्ट किए गए संदेश और गांधीजी को गोली मारे जाने से संबंधित वीडियो को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। मामले को लेकर युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष आकाश अंकित आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र नेता पारस यादव के सोशल मीडिया अकाउंट से फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर ‘नाथूराम गोडसे अमर रहे’ संदेश के साथ महात्मा गांधी को गोली मारे जाने से संबंधित वीडियो पोस्ट किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उनके हत्यारे के समर्थन में कथित रूप से पोस्ट किया जाना आपत्तिजनक है। उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे शासकीय महाविद्यालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान मनोहर सिंह यादव, रवींद्र घोष, रजा कादरी, पुष्पेंद्र दांगी, हरिमोहन बॉथम, रोहित अहिरवार, कल्याण सिंह दांगी, महेंद्र सिंह कुशवाहा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

