स्कूल निरीक्षण में व्यवस्थाएं मिलीं बेहतर, कम छात्र संख्या पर अधिकारियों ने जताई नाराजगी

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक रोहित शुक्ला ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर 12 बजे कुडार हाई स्कूल के निरीक्षण के दौरान सभी कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित मिलीं और विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। शैक्षणिक गतिविधियों के व्यवस्थित संचालन पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद दोपहर 1 बजे सेंदरी हाई स्कूल का निरीक्षण किया गया। यहां भी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित मिलीं। अधिकारियों ने विद्यालय के विगत वर्ष के परीक्षा परिणाम की समीक्षा की, जो 69 प्रतिशत रहा था। इस वर्ष परीक्षा परिणाम को 90 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
दोपहर 2:30 बजे शक्तिभैरो हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या अत्यधिक कम पाए जाने पर श्री शुक्ला ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कम छात्र संख्या के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधितों की जिम्मेदारी तय करने तथा कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना समन्वयक भगवत सिंह खंगार भी उपस्थित रहे।