
8 साल पुरानी परंपरा बदली, अब महाविद्यालय मैदान में होगा आयोजन;
आमजन और अभिभावकों ने जताई नाराजगी
निवाड़ी। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के सामूहिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष नया प्रयोग किया जा रहा है। वर्ष 2018 में निवाड़ी जिला बनने के बाद से पिछले करीब आठ वर्षों से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान में आयोजित होता आ रहा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह अब नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित शासकीय महाविद्यालय के मैदान में आयोजित किए जाने की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल बदले जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 का मैदान नगर के बीचों-बीच स्थित होने के कारण आमजन के लिए आसानी से पहुंच योग्य है। यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं, बच्चे और व्यापारी पहुंचते रहे हैं। वहीं महाविद्यालय का मैदान नगर से दूर होने के कारण लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि पूर्व में वे पैदल ही आयोजन स्थल तक पहुंच जाते थे, लेकिन अब महाविद्यालय मैदान तक जाने के लिए उन्हें अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ेगा। उनका कहना है कि बच्चों के कार्यक्रम देखने के लिए आने वाले अभिभावकों के साथ महिलाओं और बुजुर्गों को भी परेशानी होगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल बदलने का निर्णय समझ से परे है। हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के मैदान में लंबे समय से सफलतापूर्वक आयोजन होता आ रहा है, ऐसे में अचानक स्थल बदलने का कारण भी स्पष्ट नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि महाविद्यालय मैदान में आयोजन होता है तो आमजन की भागीदारी प्रभावित हो सकती है और समारोह मुख्य रूप से अधिकारी-कर्मचारियों तक सीमित होकर रह जाएगा।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आमजन की सुविधा और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय सामूहिक आयोजन पूर्व की तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान में ही आयोजित किया जाए। लोगों का यह भी कहना है कि आयोजन स्थल बदलने के मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जनभावनाओं को देखते हुए पहल करनी चाहिए।
इनका कहना है
विनोद बाबू वर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष, पेंशनर्स एसोसिएशन
निवाड़ी:हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान नगर के बीचों-बीच स्थित है, जहां आम लोगों को पहुंचने में सुविधा रहती है। नगरवासियों में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर उत्सुकता रहती है। इसलिए आयोजन इसी मैदान में होना चाहिए। महाविद्यालय के मैदान में नगर से काफी दूर आयोजन कराने का कोई औचित्य समझ में नहीं आता। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इसके लिए पहल करना चाहिए।
रूपेश दांगी, अध्यक्ष, व्यापार मंडल निवाड़ी:
हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान नगर के पास है, जहां आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को पहुंचने में आसानी होती है। यहां आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगर के व्यापारी भी आसानी से पहुंच जाते हैं। महाविद्यालय मैदान तक पहुंचने में व्यापारियों सहित आमजन को परेशानी होगी। सुविधा को देखते हुए आयोजन पिछले वर्ष की तरह हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के मैदान में ही होना चाहिए।
ओपी खरे, पूर्व अध्यक्ष, अभिभाषक संघ निवाड़ी:
स्वतंत्रता दिवस का सामूहिक आयोजन पिछले कई वर्षों से हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में होता आ रहा है। यहां स्थानीय आम जनता आसानी से पहुंचती है। महाविद्यालय के मैदान में आयोजन होने से आमजन को परेशानी होगी।

