अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी विभाग की दबिश, 35 लीटर हाथभट्टी शराब और 50 पाव देशी मदिरा जब्त

निवाड़ी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत 10 और 11 सितंबर को विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने 35 लीटर हाथभट्टी शराब, 50 पाव (9 बल्क लीटर) देशी सादा मदिरा जब्त की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार लगभग 300 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया। कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अमृता जैन के मार्गदर्शन में वृत्त प्रभारी श्रीमती सपना यादव के नेतृत्व में आबकारी टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
पृथ्वीपुर तहसील में दो प्रकरण दर्ज:
11 सितंबर को टीम ने ग्राम बिंदपुरा एवं खिस्टोन में दबिश देकर 15 लीटर हाथभट्टी शराब बरामद की। इस कार्रवाई में दो प्रकरण दर्ज किए गए।
ओरछा क्षेत्र में भी कार्रवाई:
10 सितंबर को ग्राम बागान एवं चंदावनी में दबिश के दौरान 20 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा 50 पाव (9 बल्क लीटर) देशी सादा मदिरा जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए तैयार करीब 300 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया गया। यहां भी दो प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी कि अवैध शराब का निर्माण एवं बिक्री कर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में वृत्त प्रभारी श्रीमती सपना यादव के साथ आबकारी उप निरीक्षक दीपा मरकाम, प्रधान आरक्षक महेंद्र राय, आरक्षक अवधेश अहिरवार, साहिल अग्रवाल, प्रहलाद प्रजापति एवं शुभम चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही