16 सितंबर को निवाड़ी बाजार बंद, गांधी चबूतरे पर होगा अनशन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर सर्वदलीय बैठक में लिया निर्णय

निवाड़ी। जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। वर्षों से संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के बंद होने और जिला अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान लोगों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर जिला विकास संघर्ष समिति के तत्वावधान में मुख्य बाजार स्थित गांधी चबूतरे पर सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जिला मुख्यालय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बंद होने के बाद आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जिला अस्पताल भी शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर संचालित होने के कारण लोगों को वहां पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं, जिला अस्पताल में भी अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के चलते मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बाजार से सरकारी संस्थान हटने पर व्यापारियों में नाराजगी
बैठक में बाजार के दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं। व्यापारियों का कहना था कि नगर परिषद कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसे प्रमुख संस्थानों के बाजार क्षेत्र से हटने के बाद बाजार की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, सीएचसी बंद होने का सीधा असर आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पुनः संचालन जरूरी है। इसे लेकर शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।
16 सितंबर को बंद रहेगा मुख्य बाजार
जिला विकास संघर्ष समिति ने निर्णय लिया कि 16 सितंबर को निवाड़ी का बाजार बंद रखा जाएगा। इस दौरान व्यापारी और समिति से जुड़े लोग गांधी चबूतरे पर एकत्रित होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः प्रारंभ कराने की मांग को लेकर अनशन करेंगे। इसके साथ ही शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने की अपील की जाएगी।
जिला विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र खरे ने बताया कि 16 सितंबर को बाजार बंद कर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद मांग पूरी होने तक विभिन्न चरणों में आंदोलन जारी रखा जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और व्यापारियों की मौजूदगी रही।