17 सितंबर से शुरू होगा सेवा से संकल्प अभियान,जिले में होंगे विविध कार्यक्रम
कलेक्टर ने पत्रकारवार्ता में साझा की अभियान की तैयारियों की जानकारी, 11 लाख दीप प्रज्वलन सहित वृक्षारोपण व रक्तदान शिविर होंगे

निवाड़ी। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प अभियान’ को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अभियान के तहत स्वास्थ्य, पर्यावरण, सामाजिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को जिले में वृक्षारोपण महाअभियान आयोजित किया जाएगा। टेंचिंग ग्राउंड हर्ष मऊ, रोडा वन क्षेत्र ग्राम जमुनिया, ग्राम पंचायत मडिया खास सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 2047 पौधों का रोपण किया जाएगा।
जिला चिकित्सालय में लगेगा वृहद रक्तदान शिविर
17 सितंबर को सुबह 10 बजे जिला चिकित्सालय निवाड़ी में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के स्वास्थ्य संस्थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।
11 लाख दीपों से जगमगाएगा निवाड़ी जिला
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें जिलेभर में लगभग 11 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे ओरछा रामराजा लोक, कंचना घाट, शीशमहल एवं लक्ष्मी मंदिर सहित अन्य निर्धारित प्रमुख स्थलों पर 5 लाख 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा।
ओरछा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से रामराजा लोक पर आधारित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान भजन, नृत्य, नाट्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें स्कूली विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप
अभियान के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर विद्युत, प्रकाश, साउंड सिस्टम, मंच, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन द्वारा सभी कार्यक्रमों के समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन पर जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति स्वामित्व का अधिकार
पत्रकारवार्ता में कलेक्टर ने ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026’ की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आबादी क्षेत्र के मकान एवं संपत्ति स्वामियों के लिए योजना के तहत पात्र ग्रामीणों के पक्ष में अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क निष्पादन एवं पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन कानूनी दस्तावेजों के आधार पर ग्रामीण अपनी संपत्ति के विरुद्ध बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। योजना का क्रियान्वयन ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण 17 से 19 सितंबर, द्वितीय चरण 25 से 27 सितंबर तथा तृतीय चरण 1 से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा।
कलेक्टर ने पत्रकारों से अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग का आग्रह किया।