17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान
मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा सफर पर प्रदेशभर में होंगे 25 प्रकार के सेवा कार्यक्रम, 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

निवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा के उपलक्ष्य में भाजपा मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आंगनवाड़ी कार्यक्रम, विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, जनसेवा यात्राएं सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यह जानकारी भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती अर्चना गुड्डू सिंह ने रविवार को निवाड़ी सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस अवसर परविधायक अनिल जैन,भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया,जिला मीडिया प्रभारी अनुराग चतुर्वेदी एवं सोशल मीडिया प्रभारी रवि सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह ने बताया कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री बने। 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। इसी उपलक्ष्य में इस बार भाजपा द्वारा जन्मदिन पर आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े को विस्तार देते हुए एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
17 सितंबर को बूथ स्तर पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दिन प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित करेंगे।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को नाट्य एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें बच्चों और उनकी माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
इसके साथ ही ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया पर रील के माध्यम से साझा किया जाएगा। प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों से ऐसी कहानियां सामने लाने का लक्ष्य रखा गया है।
7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 7 अक्टूबर को विभिन्न जिलों और गांवों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन निर्धारित स्थानों पर पहुंचेंगे। यहां जनसेवा के 25 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
अभियान के तहत ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ भी प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रदेश में विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी।
25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में होगी जनभागीदारी
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रत्येक नागरिक को कम से कम 25 मिनट श्रमदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में प्राकृतिक सामग्री से मानव रंगोली बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं नवाचार करने वालों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ कार्यक्रम के साथ अभियान का समापन प्रस्तावित है।
प्रदेश मंत्री ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान को केवल पार्टी का कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का अभियान बनाना है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी