
निवाड़ी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने वाले किसानों के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिले में गेहूँ उपार्जन की अंतिम तिथि 28 मई 2026 निर्धारित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद किसी भी स्थिति में खरीदी की तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 18 उपार्जन केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां गेहूँ की तुलाई एवं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिला प्रशासन ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र पर पहुंचकर गेहूँ विक्रय की प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

