5 जून से 21 जून तक चलेगा विशेष जनअभियान, वृक्षारोपण, जनकल्याण शिविर और योग कार्यक्रम होंगे आयोजित

___________________________________________

निवाड़ी। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिले में विशेष जनअभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान से होगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड और नगरीय निकाय क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पीपल, नीम, बरगद और आम जैसे पर्यावरण हितैषी वृक्षों के रोपण पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक कचरे की सफाई, शासकीय भवनों की विशेष सफाई तथा जल स्रोतों की सफाई एवं गहरीकरण जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
12 जून से 18 जून तक जिले के सभी विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। तीन दिवसीय इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित कर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविरों में सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनकल्याण शिविरों के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, सफलता की कहानियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 एवं 20 जून को जिले में दो स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों की उपस्थिति में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों और लाभों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा। जिले के सभी विकासखंडों और नगरीय निकायों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग अभ्यास आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराया जाएगा। जहां संभव होगा, वहां योग प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आयोजनों में वाहनों के उपयोग को न्यूनतम रखने पर भी विशेष बल दिया गया है।