स्टेडियम निर्माण की राह में आया अतिक्रमण प्रशासन ने हटाया, जेसीबी से की कार्रवाई       

स्टेडियम निर्माण की राह में आया अतिक्रमण प्रशासन ने हटाया, जेसीबी से की कार्रवाई       



टेहरका। ग्राम पंचायत टेहरका में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से हटाया। विधायक अनिल जैन द्वारा टेहरका में स्टेडियम निर्माण की घोषणा के बाद प्रशासन ने इसके लिए भूमि चिन्हित की थी। हालांकि, चिह्नित भूमि के कुछ हिस्से पर कच्चे मकान बनाकर अतिक्रमण किया गया था, जिसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को भूमि खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्टेडियम निर्माण के लिए चिन्हित भूमि से अतिक्रमण हटाया।
बताया गया है कि स्टेडियम निर्माण का कार्य संबंधित ठेकेदार द्वारा प्रारंभ कर दिया गया था और भूमि के अधिकांश हिस्से को समतल भी किया जा चुका था। लेकिन अतिक्रमण वाले हिस्से में समतलीकरण का कार्य नहीं हो पा रहा था। ठेकेदार द्वारा कई बार प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी।
इसके बाद नायब तहसीलदार वंदना सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटने के बाद अब स्टेडियम निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के शेष हिस्से में भी समतलीकरण का कार्य किया जा सकेगा और निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।