ओरछा में अतिक्रमण पर प्रशासन का शिकंजा, 16 एकड़ शासकीय भूमि कराई मुक्त

ओरछा में अतिक्रमण पर प्रशासन का शिकंजा, 16 एकड़ शासकीय भूमि कराई मुक्त
पक्का मकान जेसीबी से किया ध्वस्त, आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान

निवाड़ी। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में सोमवार को ओरछा तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
तहसीलदार ओरछा जगदीश रंधावा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ग्राम जमुनिया भाटा, पटवारी हल्का गुजर्रा कला में कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार उक्त शासकीय भूमि पर झांसी निवासी अभिषेक मिश्रा एवं दिनेश मिश्रा द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था।
कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही करीब 16 एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर शासकीय अभिरक्षा में लिया गया।
तहसीलदार जगदीश रंधावा ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।