14 साल बाद ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति, आज से दो दिवसीय बैठक

14 साल बाद ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति, आज से दो दिवसीय बैठक


ओरछा। श्रीरामराजा सरकार की नगरी ओरछा एक बार फिर बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। करीब 14 वर्षों बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ओरछा में आयोजित हो रही है। 30 और 31 अगस्त को होने वाली दो दिवसीय बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्यों सहित करीब 300 से 400 डेलिगेट्स और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को ओरछा पहुंचे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भोपाल में होने वाली बैठकों में पदाधिकारी सामान्यतः दोपहर में पहुंचते हैं और शाम तक बैठक समाप्त हो जाती है, लेकिन ओरछा में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिनों तक चलेगी। इस दौरान औपचारिक बैठकों के अलावा भोजन एवं अन्य अवसरों पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को आपस में संवाद करने तथा एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों का आयोजन नियमित रूप से होना चाहिए। परिस्थितियों और कार्यसमिति के सदस्यों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार बैठकों के बीच अंतर बढ़ जाता है, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले सागर, ग्वालियर और सिंगरौली में भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि ओरछा में होने वाला यह आयोजन कई मायनों में विशेष रहेगा।
पद से पहले और बाद में भी बनी रहे कार्यकर्ता की भावना
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हमेशा कार्यकर्ता की भावना के साथ संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। पद मिलने से पहले, पद पर रहते हुए और पद से हटने के बाद भी व्यक्ति के भीतर कार्यकर्ता की भावना बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिली जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओरछा में 300 से 400 तक डेलिगेट्स पहुंचेंगे, इसलिए कार्यकर्ताओं को ऐसी मेहमाननवाजी करनी चाहिए कि ओरछा में आयोजित होने वाली यह प्रदेश कार्यसमिति लंबे समय तक यादगार बनी रहे।
खंडेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल परिचय बढ़ाने में समय व्यर्थ करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन पर ध्यान देना चाहिए। जब कोई कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाता है तो उसका परिचय और पहचान स्वतः ही बढ़ती जाती है।
वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे ओरछा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि ओरछा पहुंच चुके हैं। इनमें प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे एवं राहुल कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, शैलेंद्र बरुआ और नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव, प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह एवं लोकेंद्र पाराशर, जिला प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, महाराणा प्रताप बोर्ड अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, सहकारिता अध्यक्ष संजय नगाइच, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, विधायक अनिल जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, विधायक हरिशंकर खटीक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पवन दुबे, विशाल बत्रा, बृज गोपाल गोयल और शिवपुरी जिला प्रभारी नंद किशोर नापित सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। अब 30 और 31 अगस्त को होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर ओरछा में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं तथा पूरे प्रदेश की नजरें इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हुई हैं।