कलश यात्रा के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, 7 सितंबर को होगा विशाल भंडारा

कलश यात्रा के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, 7 सितंबर को होगा विशाल भंडारा

कलश यात्रा के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, 7 सितंबर को होगा विशाल भंडारा
निवाड़ी। बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रख्यात संत श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले श्री राम महायज्ञ का सोमवार को विशाल कलश यात्रा के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। आगामी 7 सितंबर को श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। 1 सितंबर से प्रारंभ हुए श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ श्री मुनि महाराज विदुआ जेरोन एवं श्री मुकुट महाराज के सानिध्य में धार्मिक विधि-विधान और पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इसके पश्चात श्री मोनी महाराज आश्रम से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के माध्यम से संपूर्ण ग्रामवासियों को धार्मिक आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। यात्रा का समापन श्री मोनी महाराज जी आश्रम स्थित यज्ञशाला में कलश पूजन के साथ हुआ।
गौरतलब है कि श्री मोनी महाराज जी का देवलोक गमन वर्ष 2016 में माघ मास की एकादशी के दिन हुआ था। इसके बाद से श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। इस वर्ष भी 7 सितंबर को पुण्यतिथि का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के कार्यक्रम के अनुसार 2 सितंबर को मंडप प्रवेश होगा, जबकि 3 सितंबर से यज्ञ कार्य का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 7 सितंबर को पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन होगा तथा विशाल भंडारे के साथ श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि मनाई जाएगी।
कलश यात्रा में स्वतंत्र गुप्ता, सुरेश चौहान, अशोक कुमार धूसर,बृजेंद्र यादव, भूपेंद्र सिंह, भास्कर राय, संतोष गुप्ता, हरिमोहन बाथम, विमलेश राय और अरविंद शर्मा सहित हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु तथा ग्रामवासी शामिल हुए।