अड़जार धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
श्री मोनी महाराज की दशमी पुण्यतिथि पर 1.60 लाख से अधिक आहुतियों के साथ संपन्न हुआ श्री राम महायज्ञ

निवाड़ी। बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध संत श्री मोनी महाराज जी की दशमी पुण्यतिथि अड़जार धाम स्थित आश्रम में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्री राम महायज्ञ की पूर्णाहुति धार्मिक विधि-विधान के साथ हुई। यज्ञ में पांच दिनों के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 1 लाख 60 हजार से अधिक आहुतियां यज्ञकुंड में अर्पित की गईं। इसके साथ ही आश्रम परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में लगभग 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सुबह से ही अड़जार धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर बाद आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम तक मध्य प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु आश्रम पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने श्री मोनी महाराज जी की कुटिया में पहुंचकर उनकी प्रतिमा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
1.60 लाख से अधिक आहुतियों के साथ संपन्न हुआ महायज्ञ
श्री मोनी महाराज जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सात दिवसीय श्री राम महायज्ञ का आयोजन किया गया था। 1 सितंबर को कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके बाद 2 सितंबर को मंडप प्रवेश तथा 3 सितंबर को अग्नि स्थापना की गई। यज्ञ के विभिन्न दिनों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में आहुतियां अर्पित कीं।
यज्ञाचार्य श्री मुनिया महाराज जेरोन एवं श्री मुकुट महाराज के मार्गदर्शन में धार्मिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया गया। पांच दिनों में 1 लाख 60 हजार से अधिक आहुतियां अर्पित की गईं। पुण्यतिथि के अवसर पर दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति के साथ श्री राम महायज्ञ का समापन हुआ।
कुटिया और समाधि स्थल पर हुई विशेष पूजा-अर्चना
महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्री मोनी महाराज जी की कुटिया एवं समाधि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। सिद्धेश्वर मंदिर झांसी के पीठाधीश्वर श्री हरिओम पाठक एवं आश्रम के पुजारी श्री सीताराम दास जी महाराज ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। दोपहर से शुरू हुए भंडारे में शाम 6 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार, लगभग 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। निर्धारित समय के बाद भी आश्रम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।
ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था की गई थी, जिसके बाद श्रद्धालु पैदल आश्रम तक पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा और वाहनों की पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया।
पुण्यतिथि समारोह में सिद्धेश्वर मंदिर के पीठाधीश्वर श्री हरिओम पाठक, ओरछा श्री राम राजा सरकार मंदिर के पुजारी श्री रमा महाराज, संस्कृत विद्यापीठ के पूर्व प्राचार्य रामकृष्ण शास्त्री सहित क्षेत्र के अनेक धर्माचार्य मौजूद रहे। पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव, संगठन महासचिव संतोष शर्मा, जिला पंचायत सदस्य अमित राय, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल पांडे, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रमोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भंडारे एवं अन्य व्यवस्थाओं में उद्घोषणा की जिम्मेदारी पार्षद हरिओम बाथम ने संभाली।
श्री मोनी महाराज जी वर्ष 2016 में भाद्र माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी के दिन ब्रह्मलीन हुए थे। इसके बाद से प्रतिवर्ष अड़जार धाम स्थित आश्रम में उनकी पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई जाती है।