

निवाड़ी/ओरछा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में तहसील न्यायालय ओरछा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।
लोक अदालत का शुभारंभ तहसील न्यायालय ओरछा के मीडिएशन सेंटर भवन में वरिष्ठ व्यवहार न्यायाधीश एवं विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती भावना सिंह, न्यायाधीश उमेश भगवती एवं न्यायाधीश आशीष शर्मा तथा अधिवक्ताओं द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बीएस तोमर, अधिवक्ता अजय पुरोहित, सुमित पाण्डेय, अशोक यादव, शरद त्रिपाठी, के.के. श्रीवास्तव, आशीष यादव सहित अन्य अधिवक्ता एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।
आयोजित लोक अदालत में न्यायालय में लंबित कुल 152 प्रकरणों का निराकरण किया गया। वहीं बैंक रिकवरी, जलकर, संपत्तिकर सहित अन्य प्रकरणों में कुल 77 मामलों का निराकरण करते हुए 13 लाख 65 हजार 990 रुपये की राशि वसूल की गई। लोक अदालत के माध्यम से कुल 474 लोग लाभान्वित हुए।
लोक अदालत में निराकृत प्रकरणों के लाभान्वित पक्षकारों को न्यायमित्र के रूप में फलदार एवं औषधीय पौधे भी प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से न्यायिक समाधान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

