



निवाड़ी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ 9 सितंबर 2026 से किया गया है। पोषण माह के तहत जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण रंगोली, हरी पत्तेदार सब्जियों एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी, बच्चों की सहभागिता तथा पोषण संवाद जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। इनके माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा अभिभावकों को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समुदाय को स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हरी सब्जियां, दालें, अनाज, मौसमी फल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को नियमित भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, स्वच्छता और स्वस्थ खान-पान की आदतों को लेकर भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
कुपोषण रोकथाम पर जोर
9वें पोषण माह का प्रमुख उद्देश्य कुपोषण की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार तथा पोषण संबंधी व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सुपोषित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

