
निवाड़ी। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को जनपद पंचायत सदस्य एवं दो ग्राम पंचायतों के सरपंच पद के लिए प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनपद पंचायत निवाड़ी के वार्ड क्रमांक 18 में सदस्य पद के लिए दो, ग्राम पंचायत ढिमरपुरा में सरपंच पद के लिए चार तथा ओरछा तहसील की ग्राम पंचायत गुर्जरा खुर्द में सरपंच पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर से 15 सितंबर तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाने थे। अंतिम दिन जनपद पंचायत निवाड़ी के वार्ड क्रमांक 18 में सदस्य पद के लिए तीन नामांकन फॉर्म लिए गए थे, जिनमें से श्रीमती सुधा यादव एवं जयराम यादव ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। यह सीट स्वर्गीय लाखन सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई थी।
इसी प्रकार निवाड़ी तहसील की ग्राम पंचायत ढिमरपुरा में सरपंच पद के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म लिए थे। इनमें से चार प्रत्याशियों राजीव कुमार केवट, रामनरेश केवट, अखिलेश रैकवार एवं अशोक कुशवाहा ने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन फॉर्म लेने वालों में प्रकाश केवट, विद्या देवी केवट एवं कौशल्या केवट भी शामिल थे।
वहीं ओरछा तहसील की ग्राम पंचायत गुर्जरा खुर्द में सरपंच पद के लिए तीन नामांकन फॉर्म लिए गए थे, जिनमें से प्रीति यादव एवं मुसीबत सिंह ने नामांकन पत्र जमा किए।
अब 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होने के बाद 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

