





निवाड़ी, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को निवाड़ी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। जिलेभर में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उत्साह के साथ लगभग 15 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शासकीय कार्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न शासकीय संस्थानों में दीप जलाकर सेवा, जनभागीदारी और सकारात्मक संकल्प का संदेश दिया गया।
जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों से सजे कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में सहभागिता करते हुए सेवा भावना एवं जनहित के कार्यों के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कार्यालय, जनपद पंचायत निवाड़ी, जनपद पंचायत पृथ्वीपुर, विभिन्न नगर परिषदों तथा अन्य शासकीय कार्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसरों को दीपों से सजाकर सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए।
जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया। नगर परिषदों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सहभागिता से विभिन्न निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में सेवा और सकारात्मक संकल्प की भावना को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

