घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग अभियान के तहत आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर

घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग अभियान के तहत आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित, आयुर्वेद और योग के प्रति किया जागरूक

ढिल्ला। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग निवाड़ी द्वारा “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” की थीम के तहत शासकीय आयुर्वेद औषधालय ढिल्ला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

शिविर में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 39 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां प्रदान की गईं। शिविर में रक्ताल्पता, स्त्री रोग, विबंध, प्रतिस्याय, कास एवं ज्वर से संबंधित रोगियों को आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सा दल द्वारा आयुर्वेदिक औषधियों के उपयोग के साथ-साथ योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। गर्भावस्था के दौरान तथा ऋतु के अनुसार उचित आहार-विहार अपनाने के संबंध में भी महिलाओं को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही औषधीय वृक्षों एवं पौधों के महत्व और उनके उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

शिविर में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार अहिरवार, कम्पाउंडर चतुर्भुज अहिरवार, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती मालती पस्तोर, योग सहायक अभिषेक अहिरवार सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती स्नेहलता तिवारी एवं सहायिका श्रीमती रामकली अहिरवार उपस्थित रहीं।

आयुष विभाग द्वारा आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा, योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।