रेलवे पटरी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, हर्षमऊ की प्राथमिक पाठशाला को माध्यमिक में उन्नयन की मांग

रेलवे पटरी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, हर्षमऊ की प्राथमिक पाठशाला को माध्यमिक में उन्नयन की मांग
विधायक अनिल जैन को ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में बना रहता है भय

निवाड़ी। वार्ड क्रमांक 14 हर्षमऊ के ग्रामवासियों ने सोमवार को विधायक अनिल जैन से मुलाकात कर शासकीय प्राथमिक पाठशाला हर्षमऊ को माध्यमिक पाठशाला में उन्नयन किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि हर्षमऊ में प्राथमिक स्तर तक की शिक्षा की सुविधा है, लेकिन माध्यमिक कक्षाओं में अध्ययन के लिए बच्चों को चुरारा जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि चुरारा स्थित स्कूल जाने के लिए बच्चों को रेलवे पटरी पार करनी पड़ती है। ऐसे में अभिभावकों को हर समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उन्हें आशंका रहती है कि रेलवे पटरी पार करते समय किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो जाए। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से हर्षमऊ की शासकीय प्राथमिक पाठशाला के उन्नयन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि हर्षमऊ की प्राथमिक पाठशाला को माध्यमिक पाठशाला में उन्नयन कर दिया जाता है तो स्थानीय बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए चुरारा नहीं जाना पड़ेगा और रेलवे पटरी पार करने का जोखिम भी समाप्त हो जाएगा। उन्होंने विधायक अनिल जैन से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा एवं ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विद्यालय के उन्नयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में धर्मेन्द्र रायकवार, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, राहुल कुशवाहा, पुष्पेन्द्र कुशवाहा, अवधेश कुशवाहा, विवेक रायकवार, राहुल रैकवार सहित वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती प्रेमलता वाजपेई एवं अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।